Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

ब्रेकिंग :

latest

वार्ड -15 से चुनाव मैदान में उतरे मुरलीधर दादू - स्व. खन्ना के परिवार का मिला साथ, पूरे शबाब के साथ किया चुनाव प्रचार

छत्तीसगढ़ कौशल न्यूज रवि सोनकर भिलाई। वार्ड क्रं. 15 अंबेडकर नगर में इस बार रोचक मुकाबला देखने को मिल रहा है। यहां कांग्रेस और भाजपा को एक न...

छत्तीसगढ़ कौशल न्यूज

रवि सोनकर भिलाई। वार्ड क्रं. 15 अंबेडकर नगर में इस बार रोचक मुकाबला देखने को मिल रहा है। यहां कांग्रेस और भाजपा को एक निर्दलीय प्रत्याशी मुरलीधर गुल्हाने की जोरदार टक्कर मिल रही है। यह निर्दलीय प्रत्याशी वार्ड के दिवंगत भाजपा पार्षद संजय खन्ना का बेहद करीबी रहा है। बताते हैं कि जब संजय खन्ना ज्यादा अस्वस्थ हुए तो उनकी इच्छा थी कि उनका साथी व सहयोगी मुरलीधर गुल्हाने (दादू) वार्ड पार्षद का चुनाव लड़ें और जनता की सेवा करे। 

श्री खन्ना के आकस्मिक निधन के बाद अब उनके परिवारवालों के समर्थन व उनकी इच्छानुरूप मुरलीधर गुल्हाने चुनाव मैदान में हैं। इससे पहले श्री गुल्हाने ने अंबेडकर नगर वार्ड के लिए भाजपा से टिकट मांगी थी, किन्तु पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दी। इसी के बाद उन्होंने स्व. खन्ना की इच्छा को पूरा करने के लिए बतौर निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरने का निर्णय लिया। स्व. संजय खन्ना के परिजन मुरलीधर गुल्हाने के चुनाव प्रचार की कमान संभाल रहे हैं और आमजन को यह आश्वासन भी दे रहे हैं कि स्व. संजय खन्ना की वार्ड विकास की अधूरी इच्छा को मुरलीधर गुल्हाने अवश्य पूरा करेंगे।

दिवंगत पार्षद संजय खन्ना की परछाई बनकर काम करने वाले मुरलीधर गुल्हाने (दादू) इस बार चुनाव मैदान में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। संजय खन्ना लगातार दो बार वार्ड से पार्षद रहे और भाजपा के जिम्मेदार पदों पर भी थे। स्थानीय मतदाताओं का उन्हें भरपूर स्नेह व आशीर्वाद हासिल था।

अपने पार्षद कार्यकाल के दौरान जब वे दीगर कार्यों में व्यस्त रहते तो वार्ड से संबंधित उनका पूरा काम मुरलीधर गुल्हाने ही किया करते थे। इंदिरा चौंक के पास किराने की दुकान चलाने वाले मुरलीधर से वार्ड का एक-एक नागरिक वाकिफ है। स्व. संजय खन्ना के परिवार के समर्थन व सहयोग से मुरलीधर गुल्हाने का चुनाव प्रचार गतिमान है। वार्ड में कुल 6400 मतदाता हैं। इन मतदाताओं की भी इच्छा थी कि श्री गुल्हाने नगरीय निकाय चुनाव में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। नतीजतन मुरलीधर ने उगता सूरज चिन्ह के साथ चुनाव मैदान में खम ठोक दिया है। उनका डोर टू डोर जनसम्पर्क अभियान तेजी से चल रहा है। 

वार्ड की प्रत्येक समस्या से वाकिफ

मुरलीधर गुल्हाने को वार्ड क्रं. 15 अंबेडकर नगर की प्रत्येक समस्या की खबर है। तत्कालीन पार्षद संजय खन्ना के साथ रहते और वार्ड का काम करते हुए उन्होंने वार्ड को लेकर कई सपने भी संजोए थे।

अब चुनाव जीतने के बाद वे इन सपनों को पूरा करने की इच्छा रखते हैं। उन्होंने वार्ड में नाली सफाई, रोड संधारण से लेकर बिजली-पानी आदि की मूलभूत समस्याओं का निवारण स्व. संजय खन्ना की अगुवाई में ही किया था। मुरलीधर वार्डवासियों की मूलभूत सुविधाओं का भी ध्यान रखते थे, उनका निपटारा करते थे यहां तक कि शासकीय योजनाओं का वार्ड में क्रियान्वयन भी करवाया करते थे। कोरोना काल में उन्होंने ही घर-घर राशन से लेकर पानी, कोरोना पीडि़तों के लिए वाहन व्यवस्था समेत अन्य काम किए।

संजय खन्ना के उत्तराधिकारी

वार्डवासियों का मानना है कि संजय खन्ना के निधन के बाद इस वार्ड से चुनाव लडऩे के सबसे प्रबल दावेदार मुरलीधर गुल्हाने ही थे, किन्तु पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। वार्ड में भारतीय जनता पार्टी ने संतोष मौर्या को तो कांग्रेस ने कन्हैंयलाल चुरहे को उम्मीदवार बनाया है। जबकि मुरलीधर गुल्हाने भाजपा के बूथ प्रभारी रह चुके हैं। वे स्वच्छ भारत अभियान के सह संयोजक भी हैं। भाजपा द्वारा प्रत्याशी नहीं बनाए जाने के बाद वार्डवासियों में भी नाराजगी देखी जा रही है। खुद स्व. संजय खन्ना के परिजन मुरलीधर को टिकट नहीं मिलने से नाराज हैं। स्व. खन्ना का पूरा परिवार मुरलीधर गुल्हाने का समर्थन कर रहा है और उनकी जीत के लिए प्रचार भी कर रहा है। 

अहम् कार्यों को दिया अंजाम

मुरलीधर गुल्हाने ने तत्कालीन पार्षद के सहयोगी के रूप में कई बड़े और महत्वपूर्ण कायों को खुद अंजाम दिया। इनमें शासकीय स्कूल में भवन का निर्माण, आंगनबाड़ी केन्द्र का निर्माण, स्वास्थ्य केन्द्र भवन बनवाना, पीडीएफ भवन निर्माण, आंगनबाड़ी केन्द्र का संधारण के साथ ही परदेशी चौंक से अवंती चौंक तक सड़क संधारण आदि जैसे कार्य शामिल हैं। 
वार्डवासियों की मांग और इच्छा के अनुरूप वार्ड से शराब दुकान को हटाने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान था। इसके अलावा वार्ड में अनेक तरह की मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराने में भी मुरलीधर ने महती भूमिका का निर्वाह किया। वहीं सुपेला में अव्यवस्थित संडे बाजार को व्यवस्थित कराना भी उनका बड़ा काम था।

       पत्रकार

रवि सोनकर भिलाई दुर्ग

मो. 8959665555

No comments